नीलकंठ कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय पर हों पूरी : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
नीलकंठ कांवड़ यात्रा की तैयारियां समय पर हों पूरी : डीएम


पौड़ी गढ़वाल, 22 जून (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से जनपद मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र, यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

,

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 10 जुलाई तक यात्रा से संबंधित स्थायी प्रकृति के सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ क्षेत्र में जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए वहां मजबूत पुश्ता निर्माण, पुलिया की मरम्मत तथा मंदिर परिसर के ऊपरी हिस्से में स्थायी व्यू-कटर स्थापित करने के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही गरुड़चट्टी से पीपलकोटी मोटर मार्ग पर चल रहे बीएम कार्य, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने एवं अन्य मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी संबंधित विभागों को 10 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर पंचायत जोंक को सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार हेतु शौचालय खरीदने के लिए 5.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करते हुए मोबाइल टॉयलेटों की त्वरित स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

यात्रा के दौरान पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने पुण्डरासू पंपिंग योजना से नियमित जलापूर्ति बनाए रखने को कहा। उन्होंने शौचालयों में पानी की उपलब्धता की निरंतर निगरानी के लिए जिला पंचायत एवं जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंताओं को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त वाटर एटीएम, पेयजल टंकियों तथा अन्य जलापूर्ति व्यवस्थाओं को समय से स्थापित एवं क्रियाशील रखने को कहा। डीएम ने बीन नदी एवं घासीराम क्षेत्र में सोलर लाइट स्थापित करने, पार्किंग स्थलों का समतलीकरण करने तथा वहां विद्युत, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने पार्किंग स्थलों और पैदल मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के लिए बैरिकेडिंग के साथ सोलर लाइट लगाने पर भी बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story