500 मीटर गहरी खाई में उतरीं टीमें, सुबह तक चलता रहा जिंदगी-मौत का संघर्ष
पौड़ी गढ़वाल, 08 अगस्त (हि.स.)।कुंडाधार की गहरी खाई में रात का अंधेरा, बारिश और रास्ते का नामोनिशान नहीं था। करीब 500 मीटर नीचे हादसे का शिकार हुआ वाहन पड़ा था और उसके आसपास छह जिंदगियां खत्म हो चुकी थीं। ऊपर सड़क पर खड़ी रेस्क्यू टीमें हर पल नई चुनौती का सामना कर रही थीं।
इसके बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने हिम्मत नहीं छोड़ी। पूरी रात खाई में उतरकर शवों को एक-एक कर सड़क तक पहुंचाया गया। सुबह करीब 5:30 बजे जब रेस्क्यू अभियान पूरा हुआ तो छह शव खाई से बाहर निकाले जा चुके थे।
देवप्रयाग थाना क्षेत्र के कुंडाधार के पास शुक्रवार को वाहन के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की भौगोलिक परिस्थितियां इतनी चुनौतीपूर्ण थीं कि खाई तक पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता तक नहीं था। अंधेरे और बारिश के बीच करीब 500 मीटर गहराई में उतरना और फिर शवों को सुरक्षित सड़क तक लाना जवानों के लिए बड़ी चुनौती थी।
प्रारंभिक सूचना में पांच लोगों की मौत बताई गई थी, लेकिन रेस्क्यू के दौरान एक और शव मिलने से मृतकों की संख्या छह हो गई। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर टीम के साथ बाद में एसएसबी के जवान भी अभियान में जुटे। आपसी समन्वय के साथ जवान रातभर रेस्क्यू में लगे रहे। खाई से शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाने में स्थानीय ढाबा संचालक विक्रम सिंह ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।
पोस्टमार्टम के बाद सभी छह शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। सरकारी शव वाहनों से शवों को उनके घर भेजा गया। हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों में अफजल (49), उसकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटा अमन (16), गुफरान (34) और बाद में बरामद अरमान (21) शामिल हैं। सभी रायपुर जीतपुर, लक्सर, हरिद्वार के रहने वाले थे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

