नैनीझील से लगातार दूसरे दिन भी मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
नैनीझील से लगातार दूसरे दिन भी मिला शव


नैनीताल, 27 जून (हि.स.)। नैनीझील से लगातार दूसरे दिन एक शव मिलने से नगर में सनसनी के साथ चिंता का माहौल व्याप्त रहा। शनिवार सुबह नयना देवी मंदिर और एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र के समीप झील में एक अधेड़ का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल में कार्यरत सफाई कर्मचारी महिंदर चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह आपातकालीन सेवा 112 पर झील में शव उतराने की सूचना मिलने पर मल्लीताल कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल ने शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से लगभग चार हजार रुपये नकद और आधार कार्ड आदि पहचान पत्र बरामद हुए। उसकी पहचान महिंदर चौहान के रूप में हुई, जो नगर के ऑल सेंट्स कॉलेज में सफाई कर्मचारी थे। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडी पांडे जिला चिकित्सालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि मृत्यु हाल के समय में हुई है, जबकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव ठंडी सड़क स्थित फांसी गधेरा क्षेत्र के पास नैनीझील से बरामद हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है, जबकि नगर में सनसनी के साथ चिंता का भी माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story