बलियानाले का रुख मोड़ने से बकरखोड़ गांव पर मंडराया खतरा, संयुक्त निरीक्षण में शिकायत सही मिली

WhatsApp Channel Join Now
बलियानाले का रुख मोड़ने से बकरखोड़ गांव पर मंडराया खतरा, संयुक्त निरीक्षण में शिकायत सही मिली


नैनीताल, 07 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के वीरभट्टी क्षेत्र में बलियानाले का प्राकृतिक बहाव कथित रूप से मोड़े जाने से इसकी तलहटी में स्थित बकरखोड़ गांव पर संभावित आपदा का खतरा उत्पन्न हो गया है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट द्वारा मामला उठाए जाने के बाद वन, राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।

ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा क्षेत्र पंचायत की बैठक में उठाया था। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार नैनीताल और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि एक बिल्डर द्वारा बलियानाले का प्राकृतिक बहाव बकरखोड़ गांव की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया है, जिससे गांव के लिए खतरे की स्थिति बन सकती है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए नाले के प्राकृतिक प्रवाह को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल, रिंकू देवी, हरगोविंद रावत, देव नेगी, नवल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story