वन कर्मी की संदिग्ध मौत

WhatsApp Channel Join Now
वन कर्मी की संदिग्ध मौत


नैनीताल, 24 अप्रैल (हि.स.)। इन दिनों जंगलों में आग की घटना की संभावनाओं के दृष्टिगत नियमित चेकिंग के दौरान वन विभाग के एक दैनिक कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में फिसलकर मृत्यु हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान नगर के बिड़ला क्षेत्र निवासी 56 वर्षीय आनंद लाल, निवासी के रूप में हुई है। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद वन कर्मी की मृत्यु के सही कारण पता चल सकेंगे।

नैनीताल के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि नैनीताल नगर पालिका वन क्षेत्र के अंतर्गत दैनिक वन कर्मी आनंद लाल शुक्रवार सुबह 11 बजे अन्य कर्मियों के साथ बिड़ला चुंगी क्षेत्र के जंगलों में वनाग्नि की संभावना के दृष्टिगत नियमित चेकिंग करने वाली टीम के साथ जंगल में थे। टीम का कार्य क्षेत्र में कहीं धुंवा या आग दिखने पर आग बुझाना होता है। इस दौरान सूखे पत्तों में पैर फिसलने अथवा चक्कर आने जैसे किसी कारण से वह गिर कर बेहोश हो गये। उन्हें अन्य कर्मी तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से बीडी पांडे जिला चिकित्सालय उपचार के लिये ले गये, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

श्री गंगवार ने कहा िक आज नैनीताल नगर पालिका वन क्षेत्र के अंतर्गत कहीं भी आग नहीं लगी है। इसलिये वन कर्मी की मृत्यु आग बुझाने के दौरान नहीं बल्कि आग बुझाने के अभियान के दौरान हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके शरीर पर कहीं भी बाहरी चोट नहीं बतायी गयी है। इसलिये पोस्टमॉर्टम के उपरांत मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा।

उधर, पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कर्मियों को बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के आग बुझाने भेजा जा रहा है, जिससे इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

वन क्षेत्राधिकारी ललित कार्की ने बताया कि प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के प्रबंधों पर डीएफओ गंगवार ने कहा कि मानकों के अनुसार सभी अग्नि सुरक्षा प्रबंध व ग्रुप इंश्योरेंस आदि की व्यवस्था होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story