सिमखेत में गोदियाल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, सुनीं लोगों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
सिमखेत में गोदियाल के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, सुनीं लोगों की समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 02 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सिमखेत गांव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान गणेश गोदियाल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को मजबूती से उठाना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उनके सामने रखे और शीघ्र समाधान की मांग की। लोगों ने अपने जनप्रतिनिधि के प्रति विश्वास जताते हुए विकास से जुड़े सुझाव भी साझा किए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि सिमखेत में उमड़ी भीड़ क्षेत्र की जनता के गणेश गोदियाल के प्रति विश्वास और समर्थन को दर्शाती है। कार्यक्रम के समापन पर गणेश गोदियाल ने सिमखेत की जनता का आत्मीय स्वागत और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह ही उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story