एटीएम फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एटीएम फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार


हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को एटीएम ठगी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 17 संदिग्ध एटीएम कार्डों के साथ दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित एटीएम बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदलकर बाद में खातों से पैसे निकाल लेते थे। एटीएम फ्रॉड की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली बहादराबाद में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम बैंक और एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही थी।

उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज शनिवार काे पुलिस टीम के साथ एसबीआई एटीएम बूथ, बहादराबाद पीपल चौक के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और दोनों झाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवा उर्फ शिव निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी व मधुसूदन उर्फ मनोज निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान शिवा के पास से 10 एटीएम कार्ड, मोबाइल, 200 नकद और पर्स बरामद हुआ, जबकि मधुसूदन के कब्जे से 7 एटीएम कार्ड, वन प्लस मोबाइल, 700 नकद और पर्स मिला।

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी एटीएम बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story