नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म में तीरंदाजी कोच के खिलाफ केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र में एक तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत पर कनखल थाना पुलिस ने कोच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता एक नामी स्कूल की छात्रा बताई जा रही है। छात्रा उसी स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेती थी, जहां आरोपित कोच बच्चों को तीरंदाजी सिखाता है। आरोप है कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में कोच ने छात्रा को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित ने छात्रा को लगातार चुप रहने के लिए डराया-धमकाया, जिसके कारण वह कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी। आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीडि़ता के पिता उसे लेकर कनखल थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामला एक प्रतिष्ठित स्कूल से जुड़ा होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपित मूल रूप से हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है और कनखल क्षेत्र के एक स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित कोच की गिरफ्तारी की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं उसने अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसी हरकत तो नहीं की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story