ढाई वर्ष से फरार 5,000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ढाई वर्ष से फरार 5,000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार


हरिद्वार, 06 मई (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईयू हरिद्वार और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब ढाई वर्ष से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गौकशी के एक पुराने मामले में वांछित था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

पुलिस के अनुसार, यह मामला दिनांक 13 सितंबर 2023 का है, जब उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण स्क्वाड, गढ़वाल परिक्षेत्र के उपनिरीक्षक शरद सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। उस दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गोवध से संबंधित उपकरण और गोमांस बरामद किया था।

इस प्रकरण में नामजद आरोपित शराफत पुत्र वशीर, निवासी ग्राम टांडा भन्हेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार, घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार अपना ठिकाना बदलकर बच निकलता था। आरोपित के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।

आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना पर सीआईयू हरिद्वार और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध कितना भी पुराना क्यों न हो, अपराधी को कानून के शिकंजे में आना ही पड़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story