मंडप में गिरा दूल्हा, दुल्हन ने तोड़ी शादी

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 21 फ़रवरी (हि.स.)। हरिद्वार जनपद के सिकंदरपुर गांव में शुक्रवार रात शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब सात फेरों से पहले ही दूल्हा कथित तौर पर स्मैक के नशे में मंडप में गिर पड़ा। खानपुर थाना क्षेत्र के इस मामले में रुड़की से आई बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फेरों की रस्म शुरू होने से ठीक पहले दूल्हा लड़खड़ाने लगा और देखते ही देखते बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। मंडप में मौजूद लोगों के होश उड़ गए। इसी बीच दुल्हन ने नशे की हालत का हवाला देते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि वह नशे की लत वाले युवक के साथ जीवन नहीं बिता सकती।

आरोप है कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। दुल्हन पक्ष द्वारा दूल्हे, उसके पिता और एक अन्य बाराती को कुछ समय के लिए रोके जाने की बात भी सामने आई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को शांत कराया गया।

थानाध्यक्ष डीएस कली ने बताया कि वरमाला के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी। बाद में ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना मिली कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। सूत्रों के अनुसार, समझौते के तहत दूल्हा पक्ष ने करीब पांच लाख रुपये हर्जाने के रूप में दिए, जिसके बाद बारात को बिना दुल्हन वापस भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story