नाबालिग से दुष्कर्म मामले में फरार दो आरोपितों को पुलिस ने यूपी सीमा से दबोचा
हरिद्वार, 03 मई (हि.स.)। जनपद के खानपुर क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से दोनों आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आखिरकार पुलिस की सक्रियता और मुखबिर तंत्र की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल को एक व्यक्ति ने कोतवाली खानपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को कुछ युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पीड़ित परिवार में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया।मामले में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने पहले ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि अन्य दो आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे और अपने ठिकाने बदल रहे थे।
खानपुर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश सीमा के पास देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खुशीपुरा के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते रासिम पुत्र लतीफ उम्र 21 वर्ष व रिहान पुत्र नौसाद उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम जोग्गावाला बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

