दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी


हरिद्वार, 18 मई (हि.स.)। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 मई को एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि तीन लोग आपसी साजिश के तहत उसे डरा-धमकाकर कमरे में ले गए, जहां एक आरोपित ने जबरन दुष्कर्म किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला की शिकायत के आधार पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

इसी क्रम में पुलिस टीम ने फरार आरोपित जोगेंद्र पुत्र रामपाल सिंह निवासी मोहानपुरा, कोतवाली रुड़की, जिला हरिद्वार को नगला इमरती फ्लाईओवर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story