भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणी करने पर दाेस्त काे ट्रक से कुचलने का आराेपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणी करने पर दाेस्त काे ट्रक से कुचलने का आराेपी गिरफ्तार


हरिद्वार, 05 मार्च (हि.स.)। जिले की भगवानपुर पुलिस ने एक व्यक्ति की ट्रक से कुचलकर हत्या करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 04 मार्च 2026 को प्रताप कालोनी निवासी महिला ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि ट्रक संख्या यूपी 17 बीटी 8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर, छपरौली रोड जिला बागपत उत्तर प्रदेश ने उसके पति राहुल कुमार की पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने भगवानपुर पुलिस को आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने 05 मार्च को दबिश देकर नामजद आरोपित राजीव को पकड़ लिया पुलिस के अनुसार पूछताछ के दाैरान राजीव ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और उसका एक चार साल का बेटा भी है। मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर साथ उठना व बैठना था। दोनों साथ बैठकर शराब भी पीते थे। आरोपित के अनुसार राहुल नशे की हालत में अक्सर उसकी भांजियों के बारे में अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। घटना वाले दिन होली की छुट्टी के चलते दोनों की फोन पर बात हुई और वे भगवानपुर टोल प्लाजा के पास मिले। आरोपित ने पहले से शराब खरीदी हुई थी। दोनों ने ट्रक पर बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों को लेकर अभद्र टिप्पणी करनी शुरू कर दी। इससे गुस्साए आरोपित राजीव ने राहुल को ट्रक से उतरने को कहा। जैसे ही राहुल ट्रक से उतरकर टोल की ओर जाने लगा, आरोपित ने गुस्से में उस पर ट्रक चढ़ाकर कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने ट्रक चालक राजीव को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रक जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की मजबूत विवेचना की जा रही है और आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story