नाबालिग से करता था छेड़छाड़ पुलिस ने धर दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग से करता था छेड़छाड़ पुलिस ने धर दबोचा


हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। कनखल क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरीवाला, कनखल निवासी महिला ने थाना कनखल में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री, जो प्रतिदिन स्कूल आती-जाती है, को एक युवक पिछले 5-6 दिनों से लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए मामले को गंभीरता से लिया। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है। आरोपित का नाम पता रियाज पुत्र हुसैन अली, निवासी गुर्जर बस्ती, पदार्था थाना पथरी, हरिद्वार, हाल निवासी बजरीवाला, थाना कनखल, हरिद्वार बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story