ऋषिकुल रजिस्ट्रेशन सेंटर में विदेशी महिला का मोबाइल चाेरी

WhatsApp Channel Join Now
ऋषिकुल रजिस्ट्रेशन सेंटर में विदेशी महिला का मोबाइल चाेरी


हरिद्वार, 21 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा के लिए बनाए गए ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर में भीड़ के बीच एक शातिर चोर ने विदेशी महिला यात्री के पर्स से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

चारधाम यात्रा सीजन के चलते हरिद्वार में बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में नेपाल से आए यात्रियों का एक दल ऋषिकुल मैदान स्थित रजिस्ट्रेशन सेंटर में पंजीकरण कराने पहुंचा था। दल में शामिल एक महिला यात्री अपने पति राम भंडारी के साथ वरिष्ठ नागरिक काउंटर पर लाइन में खड़ी थी और कर्मचारी से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक चुपचाप महिला के पीछे आकर खड़ा हो गया और मौके की तलाश में जुट गया।

रुमाल की आड़ में पर्स से मोबाइल पार

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, युवक ने हाथ में एक बड़ा रुमाल ले रखा था। उसने बड़ी ही सफाई से रुमाल की आड़ में महिला के पर्स की चेन खोली और अंदर रखा मोबाइल फोन निकाल लिया। पूरी घटना इतनी तेजी और चालाकी से हुई कि महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ में ही गायब हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

कुछ देर बाद जब महिला ने अपना मोबाइल ढूंढने के लिए पर्स चेक किया तो वह गायब मिला। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद अन्य यात्री और रजिस्ट्रेशन सेंटर के कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। कर्मचारियों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें युवक की पूरी करतूत कैद हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी किस तरह महिला के पीछे खड़ा होकर चोरी को अंजाम देता है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि अज्ञात आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच चोर-उचक्कों के सक्रिय होने की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story