गुम हुए मोबाइल स्वामियों को लौटाए
हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर फोन स्वामियों को लौटाकर उनके उदास चेहरों पर फिर से मुस्कान ला दी। नवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस ने यह सराहनीय पहल करते हुए लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस सौंपे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर पर प्राप्त गुमशुदा मोबाइल फोन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों से 25 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
आज कोतवाली भगवानपुर परिसर में क्षेत्राधिकारी मंगलौर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल फोन उनके असली स्वामियों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

