हरिद्वार में 152 खोए मोबाइल बरामद, 36 लाख से अधिक की रिकवरी

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में 152 खोए मोबाइल बरामद, 36 लाख से अधिक की रिकवरी


हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुल 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 36 लाख से अधिक बताई जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में सिडकुल थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और समन्वित प्रयासों के जरिए उन मोबाइल फोन को ढूंढ निकाला, जिन्हें उनके मालिक खोने के बाद लगभग भूल चुके थे।

सीईआईआर पोर्टल से मिली बड़ी मदद

खोए मोबाइल फोन की तलाश में सीईआईआर पोर्टल एक महत्वपूर्ण साधन साबित हुआ। पुलिस ने इस पोर्टल के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल स्थापित किया और मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।

बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के फोन भी शामिल

बरामद किए गए मोबाइल फोन में कुछ फोन सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के हैं, जबकि अन्य स्थानीय निवासियों के हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।

चेहरों पर लौटी मुस्कान

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। थाना सिडकुल पुलिस के इस प्रयास ने न केवल लोगों का खोया सामान लौटाया, बल्कि उनका पुलिस व्यवस्था पर विश्वास भी मजबूत किया है। और पुलिस की प्रशंसा की।

पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं। अगर आपका मोबाइल फोन खो जाता है, तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story