पूजा के बहाने निकली नाबालिग को पुलिस ने मुजफ्फरनगर से किया बरामद

WhatsApp Channel Join Now
पूजा के बहाने निकली नाबालिग को पुलिस ने मुजफ्फरनगर से किया बरामद


हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। कनखल स्थित दक्ष मंदिर में पूजा करने के बहाने घर से निकली एक नाबालिग को हरिद्वार पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुस्तैदी पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने हरिद्वार पुलिस का धन्यवाद जताया।

जानकारी के अनुसार 21 मई को कनखल थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दक्ष मंदिर में पूजा करने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। मामले की गंभीरता और बालिका के नाबालिग होने को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक व प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी सहायता के माध्यम से बालिका की लोकेशन ट्रेस की, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र में मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपित गन्ने के खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और घेराबंदी के चलते दोनों आरोपितों को पकड़ लिया गया। मौके से बरामद नाबालिग की पहचान कनखल क्षेत्र से गुमशुदा बालिका के रूप में हुई।

पुलिस दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर थाना लाई, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। आरोपितों के नाम पते आर्यन कुन्नु पुत्र कंवरपाल, निवासी ग्राम हेवा, थाना छतरौली, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश, हर्षवर्धन पुत्र स्व बाबूराम, निवासी ग्राम मुकुन्दपुर, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश बताए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story