गौकशी गैंग पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गौकशी गैंग पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, दो गिरफ्तार


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में गौकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त गैंग पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत शनिवार काे भगवानपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय एक सुसंगठित गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गौकशी, पशु क्रूरता, चोरी और वाहन चोरी जैसे अपराधों के जरिए अवैध धन अर्जित करने वाले गिरोह को चिन्हित किया। आरोप है कि यह गैंग लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर अवैध गतिविधियों से न सिर्फ कमाई कर रहा था, बल्कि समाज में भय और दबदबा भी बना रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों के खिलाफ गवाही देने के लिए आम लोग भी आगे आने से कतराते थे, जिससे इनके खिलाफ कार्रवाई चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। इसी आधार पर थाना भगवानपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दो मुख्य आरोपितों कलीम पुत्र सलीम उर्फ बुच्चा निवासी ग्राम सिकरोड़ा व हसीन पुत्र नसीम निवासी ग्राम सिकरौड़ा को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया

दोनों आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी उत्तराखंड गौसंरक्षण अधिनियम की धाराओं में कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जिससे इनके आपराधिक नेटवर्क की पुष्टि होती है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story