धोखाधड़ी के पांच हजार के इनामी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
धोखाधड़ी के पांच हजार के इनामी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे धोखाधड़ी के एक इनामी आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और जांच एजेंसियों को गुमराह कर रहा था।

थाना सिडकुल में वांछित आरोपित की तलाश उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान द्वारा की जा रही थी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। फरारी के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 5,000 का इनाम घोषित किया गया था, जबकि माननीय न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।

मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और मोबाइल सर्विलांस की सहायता से पुलिस टीम ने आरोपित को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद स्थित जानसठ कोतवाली क्षेत्र के बलवा गेट चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित का नाम पता अरुण कुमार पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी भलुवा, पोस्ट अंतवाड़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश बताया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story