बेटे-बहू की बेरहमी: बुजुर्ग दंपति से मारपीट, दस हजार रुपये जेब से निकाल घर से किया बाहर

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र के ओसपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपति को उनके ही बेटे और बहू ने प्रताडि़त कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पुत्रवधू ने बुजुर्ग की जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए और गाली-गलौज करते हुए दोनों को बेघर कर दिया। पीडि़त ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

ओसपुर गांव निवासी बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र और पुत्रवधू आए दिन उसे और उसकी पत्नी को गाली-गलौज कर मारपीट करते हैं। दोनों बुजुर्गों का जीना मुश्किल कर दिया गया है। आरोप है कि मकान के अंदर लगे हैंडपंप से पानी भरने तक नहीं दिया जाता, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।

पीडि़त के अनुसार शुक्रवार को पुत्रवधू ने उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये निकाल लिए और विरोध करने पर गाली-गलौज व धक्का-मुक्की कर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद बुजुर्ग दंपति ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की।

सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story