अवैध खनन की शिकायत पर डीएफओ ने किया भोगपुर वन क्षेत्र का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन की शिकायत पर डीएफओ ने किया भोगपुर वन क्षेत्र का औचक निरीक्षण


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध खनन की शिकायतों के बीच हरिद्वार डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने वन विभाग की टीम के साथ भोगपुर वन क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोगपुर, फतवा और रामपुर रायघटी गांव के समीप वन विभाग की भूमि का जायजा लिया।

ग्रामीणों की ओर से शिकायत की जा रही थी कि वन क्षेत्र में गंगा नदी में जेसीबी, पोकलेन मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रालियों व डंपरों के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप था कि मत्स्य पालन पट्टों की आड़ में बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

बृहस्पतिवार दोपहर डीएफओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वन भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर पुराने गड्ढे मिले, लेकिन विभाग को मौके पर कोई ताजा अवैध खनन गतिविधि नहीं मिली।

डीएफओ ने संबंधित वन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन भूमि सीमांकान की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वन विभाग की भूमि को नुकसान पहुंचाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि क्षेत्र का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और वन भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।वहीं लक्सर रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि शिकायत के संबंध में निरीक्षण किया गया था, लेकिन मौके पर कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं मिली। उन्होंने कहा कि डीएफओ ने भोगपुर, लक्सर और खानपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां स्थिति सामान्य पाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story