एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, अवैध सिलेंडरों के साथ एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, अवैध सिलेंडरों के साथ एक गिरफ्तार


हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरिद्वार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने भारी संख्या में अवैध गैस सिलेंडरों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान-इजरायल-अमेरिका के तनावपूर्ण हालात के बीच गैस की संभावित कमी का फायदा उठाकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना बनाई जा रही थी। इसी क्रम में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण कर कालाबाजारी की जा रही थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही पुलिस को 27 मार्च को खुफिया सूत्रों से सूचना मिली कि रावली महदूद क्षेत्र में बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। मौके से भारी संख्या में अवैध एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सिलेंडरों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर ही जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार को बुलाया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।

गिरफ्तार आरोपित का नाम पता जावेद पुत्र अख्तर निवासी रविदास मंदिर के पास, रावली महदूद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story