पथरी जंगल में खैर के तीन कीमती पेड़ काटे, एक आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। पथरी वन क्षेत्र में अज्ञात वन तस्करों द्वारा खैर के तीन कीमती पेड़ों की कटाई का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य तस्करों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी कि पथरी वन क्षेत्र के पूर्वी बीट में तस्करों ने खैर के पेड़ों को काट लिया है। कटे हुए पेड़ों की गोलाई लगभग 4 से 5 फीट बताई जा रही है, जिससे स्पष्ट है कि ये पेड़ वर्षों पुराने और अत्यंत मूल्यवान थे। यह लकड़ी बाजार में लाखों रुपये में बिकती है।
सूचना मिलते ही पथरी के फारेस्ट सेक्शन ऑफिसर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौके से बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वन क्षेत्र अधिकारी शीशपाल के नेतृत्व में टीम ने भगवानपुर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भूरा निवासी हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।
वन क्षेत्र अधिकारी शीशपाल ने बताया कि घटना 14 मार्च की है, जिसमें तीन अज्ञात तस्करों ने खैर के पेड़ों को काटा था। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

