अधिवक्ता-लेखपाल विवाद में दोनों पक्षों पर क्रॉस मुकदमे दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ता-लेखपाल विवाद में दोनों पक्षों पर क्रॉस मुकदमे दर्ज


हरिद्वार, 23 फ़रवरी (हि.स.)। लक्सर में अधिवक्ताओं और लेखपालों के बीच चला आ रहा विवाद थमने के बजाय और उग्र हो गया है। 20 फरवरी को हुए विवाद के मामले में अब दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। इसके बावजूद हालात सामान्य होने के बजाय तनाव और गहरा गया है।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने लेखपाल पक्ष के मामले में तुरंत कार्रवाई की,जबकि अधिवक्ताओं की तहरीर में जानबूझकर गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गईं। इसी को लेकर सैकड़ों अधिवक्ता लक्सर कोतवाली पहुंचे और निष्पक्ष जांच तथा संगीन धाराएं जोड़ने की मांग पर अड़े रहे।

वहीं लेखपाल संघ ने सरकारी कार्य के दौरान अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार जारी रखा है। लेखपाल संघ का स्पष्ट कहना है कि जब तक प्रशासन उन्हें सुरक्षा की गारंटी नहीं देता,तब तक न तो वे काम पर लौटेंगे और न ही किसी समझौते के लिए तैयार हैं। स्थिति इतनी संवेदनशील हो गई है कि एक ओर अधिवक्ता प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं, तो दूसरी ओर लेखपाल संघ ने भी आंदोलन और तेज करने के संकेत दिए हैं। कोतवाली निरीक्षक का कहना है कि मामले में क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story