क्राइम सीन इनवेस्टिगेशन और एविडेंस कलेक्शन पर कार्यशाला आयोजित
हरिद्वार, 22 मार्च (हि.स.)। फील्ड यूनिट हरिद्वार के स्टाफ द्वारा कोतवाली खानपुर में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्राइम सीन से साक्ष्य संकलन के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एक डेमो क्राइम सीन तैयार कराकर पुलिस कर्मियों को घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। इस दौरान फुटप्रिंट (पदचिह्न) से जुड़े साक्ष्यों के संकलन का भी प्रभावी प्रदर्शन किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने काफी उपयोगी बताया।
प्रशिक्षण के अंत में साक्ष्य का सबसे सटीक और सही तरीके से संकलन करने पर म.उ.नि. कल्पना शर्मा को प्रभारी निरीक्षक खानपुर द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया से अवगत कराना और जांच की गुणवत्ता को बेहतर बनाना था।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

