बैल चोरी के बाद गौकशी, खेत में मिला सिर और खाल

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 15 मार्च (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र के तिलकपुरी गांव में बैल चोरी के बाद उसकी गौकशी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम तिलकपुरी, भोगपुर निवासी सुरेश का करीब छह वर्षीय बैल 11 मार्च की देर रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया था। घटना की सूचना सुरेश ने उसी समय भिक्कमपुर चौकी में दे दी थी।

शनिवार को गांव के कुछ लोगों ने सुरेश को सूचना दी कि पास के खेत में किसी बैल को काटा गया है। सूचना मिलने पर जब सुरेश मौके पर पहुंचे तो वहां बैल का सिर, खाल और अन्य अवशेष पड़े मिले। सुरेश ने अवशेषों की पहचान अपने चोरी हुए बैल के रूप में की।

इसके बाद पीडि़त ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बैल चोरी कर गौकशी करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लक्सर के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान का कहना है कि घटनास्थल से मिले अवशेषों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story