ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शगौमांस बरामद
हरिद्वार, 12 अप्रैल (हि.स.)। जनपद हरिद्वार में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमांस तस्करी के मामले में एक महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक थाना भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिली सूचना के आधार पर ग्राम सिकरोड़ा में इकराम पुत्र यासीन के घर पर छापा मारा। सूचना थी कि वहां पर गाय को काटकर गोमांस तैयार किया जा रहा है।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही एक महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी पुलिस को देख मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 350 किलोग्राम गौमांस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा एक जीवित गौवंश को बरामद किया, जिसे पास के कमरे में क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था और वह भूखी-प्यासी अवस्था में थी।
मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। बरामद गोमांस को गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ नष्ट कराया गया। पुलिस ने इस मामले में कुल 7 आरोपितों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

