नशेडि़यों को मोर पकड़ने से रोका तो छात्रों पर लाठी-डंडों से किया हमला, दो घायल, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। पथरी क्षेत्र के एक्कडकलां स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल डेरे के बाग में मोर पकड़ने पहुंचे नशे में धुत युवकों ने डेरा के छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दो छात्र घायल हो गए। आरोपियों ने छात्रों को जान से मारने की धमकी देते हुए डेरा छोड़कर भाग जाने की चेतावनी दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल एक्कडकलां डेरे में रहकर पढ़ाई करने वाले गोबिंद सिंह प्रिंस और अन्य छात्र बाबा जी के साथ डेरे की सेवा भी करते हैं। डेरे से लगे बड़े बाग में काफी संख्या में मोर रहते हैं। आरोप है कि गांव के कुछ नशेड़ी युवक अक्सर मोरों को पकड़ने के लिए बाग में आते रहते थे, जिसको लेकर पहले भी कहासुनी हो चुकी है।

बताया गया कि छात्र बाग में चक्कर लगाने गए थे। इसी दौरान काला पुत्र सकील निवासी एक्कडकलां अपने साथियों के साथ नशे की हालत में बाग में घूम रहा था और मोरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगा रखे थे।

छात्रों द्वारा मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। छात्रों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख आरोपी पिंजरे छोड़कर फरार हो गए। पीडि़तों ने बताया कि अन्य आरोपी एक्कड कलां गांव के ही हैं, जिन्हें सामने आने पर पहचान सकते हैं।

थानाध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story