बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर 50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सतर्कता विभाग ने बाल विकास विभाग में चल रही रिश्वतखोरी पर बड़ा प्रहार किया है। देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की में एक सुपरवाइजर को प्रमोशन के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

सतर्कता विभाग से मिली जानकारी के अनुसार थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में पंजीकृत मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान राखी सैनी, सुपरवाइजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी रुड़की ग्रामीण द्वितीय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। आरोप है कि सुपरवाइजर द्वारा एक कर्मचारी से प्रमोशन कराने के नाम पर धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। सतर्कता टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं विभागीय तंत्र में इस घटना के बाद खलबली मच गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story