क्रिकेटर पवन नेगी और पवन सुयाल ने किया टिहरी झील और सेम गांव का भ्रमण
नई टिहरी, 11 सितंबर (हि.स.)। पेशेवर क्रिकेटर पवन नेगी और पवन सुयाल ने टिहरी बांध की झील में बोटिंग और प्रतापनगर के सेम गांव में पूर्व प्रधान राहुल राणा के होम स्टे में समय गुजार कर प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठाया। उन्होंने टिहरी झील और प्रतापनगर की वादियों को प्राकृतिक रूप से बेहद समृद्ध बताते हुए यहां खेल आयोजनों के लिए स्टेडियम और अन्य गतिविधियां संचालित करने की अपील की।
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर उत्तराखंड निवासी पवन नेगी और पवन सुयाल ने टिहरी बांध की झील परिक्षेत्र का भ्रमण किया। पवन बाएं हाथ के ऑलराउंडर हैं। जिन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह दिल्ली से रणजी व चेन्नई सुपर किंग्स से आईपीएल खेलते हैं। जबकि पौड़ी गढ़वाल निवासी पवन सुयाल भी घरेलू क्रिकेट दिल्ली से खेलते हैं। वह तेज गेंदबाज हैं जो मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं। निजी दौरे पर वे दोनों यहां पहुंचे। जिनका सेम गांव के पूर्व प्रधान व होम स्टे संचालक राहुल राणा ने ग्रामीणों के साथ स्वागत किया। दोनों ने बोटिंग के बाद कुछ समय सेम गांव में बिताया। यहां की आबोहवा, शांत और प्रदूषण रहित वातावरण की सराहना की। कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि टिहरी झील के आसपास क्रिकेट सहित अन्य खेलों का स्टेडियम तैयार करे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

