निजी विद्यालयों पर सख्ती तेज, महंगी किताबों व शुल्क अनियमितताओं पर और नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now
निजी विद्यालयों पर सख्ती तेज, महंगी किताबों व शुल्क अनियमितताओं पर और नोटिस जारी


नैनीताल, 04 मई (हि.स.)। जनपद में निजी विद्यालयों द्वारा पाठ्यक्रम, शुल्क एवं अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों पर कार्रवाई खानापूरी से आगे बढ़कर लगातार तेज होती नजर आ रही है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल ने पूर्व में 17 विद्यालयों को नोटिस जारी करने के बाद अब अन्य विद्यालयों के विरुद्ध भी कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतों व जनसुनवाई के आधार पर श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल रामनगर, ग्रीनवुड ग्लोबल स्कूल हल्द्वानी, ओकवार्ड पब्लिक स्कूल रामनगर, ग्रीन फील्ड एकेडमी रामनगर, मदर ग्लोरी पब्लिक स्कूल रामनगर, शाइनिंग स्टार स्कूल रामनगर, डी विटो स्कूल भवाली, महर्षि विद्या मंदिर भवाली, निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी, क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी तथा द सनबीम पब्लिक स्कूल हल्द्वानी को नोटिस भेजे गए हैं।

जांच में सामने आया है कि कुछ विद्यालय एनसीईआरटी के अतिरिक्त महंगी निजी पुस्तकों को अनिवार्य कर रहे हैं तथा अभिभावकों को विशेष विक्रेताओं से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है, साथ ही वेबसाइट पर अनिवार्य सूचनाओं का अभाव भी पाया गया है। इसे शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, सीबीएसई दिशा-निर्देशों एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के विपरीत बताया गया है।

विद्यालयों को 15 दिनों के भीतर पुस्तकों की सूची में संशोधन कर एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने, अनावश्यक पुस्तकों को हटाने, वेबसाइट पर शुल्क व पुस्तकों की सूची सार्वजनिक करने तथा अतिरिक्त शुल्क की वापसी या आगे शुल्क में समायोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विकासखंड स्तर पर संयुक्त जांच समिति गठित कर रिपोर्ट तलब की गई है। निर्देशों का पालन न करने पर मान्यता के निलंबन व निरस्तीकरण, सीबीएसई को संस्तुति, अर्थदंड सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story