दीपावली की रात आग में गौशाला व वर्कशॉप जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 09 नवंबर (हि.स.)। पैठाणी थाना क्षेत्र के सिलोली कस्बे में दीपावली की रात आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से एक गौशाला में बंधी दो गाय और एक बछड़े की झुलसकर मौत हो गई, जबकि गौशाला से सटी वर्कशॉप भी आग की भेंट चढ़ गई। वर्कशॉप में खड़ी एक स्कूटी समेत वहां रखा अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार दीपावली की रात सिलोली कस्बे में अचानक गौशाला में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गौशाला के साथ लगी वर्कशॉप को भी अपनी चपेट में ले लिया। गौशाला में बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल पाया। आग में झुलसने से पशुपालक सुखदेव भंडारी की दो गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। वहीं, गौरव कुमार की वर्कशॉप में खड़ी स्कूटी और अन्य सामान भी जल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पैठाणी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग की गंभीरता को देखते हुए थलीसैंण से अग्निशमन सेवा की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पैठाणी थाने के एसआई उत्तम रमोला ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story