कॉर्बेट की ढेला चौकी पर हंगामा, फॉरेस्ट गार्ड पर पिटाई का आरोप
रामनगर, 20 जुलाई (हि.स.)। ग्रामीणों के साथ कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में कथित मारपीट का मामला गरमा गया है। सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने ढेला वन चौकी का घेराव कर दिया। इस दौरान पीड़ित शिव गिरी का भतीजा चंदन गिरी ने हाथ में पेट्रोल लेकर वन चौकी की छत पर चढ़ गया। और आत्महत्या की बात कहने लगा।
सूचना पर पुलिस, पार्क वार्डन बिंदर पाल और रेंज अधिकारी नवीन पांडे मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। आरोप है कि रविवार को शिव गिरी और एक अन्य ग्रामीण जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गए थे, जहां फॉरेस्ट गार्ड अवनीश कुमार व दो वाचर्स अशोक रावत और पूरन सिंह बिष्ट ने उन्हें पकड़ लिया। यहां जुर्माना वसूलने के बाद भी शिव गिरी की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी पीठ पर गंभीर चोटों के निशान आए हैं। पीड़ित का अस्पताल में मेडिकल भी कराया गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपित फॉरेस्ट गार्ड और दोनों वाचर्स को तत्काल निलंबित कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, मौके पर पहुंचे पार्क वॉर्डन बिंदर पाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक फॉरेस्ट गार्ड ने जंगल से यूकेलिप्टस के पेड़ काटने के आरोप में ग्रामीण को पकड़ा था। उन्होंने आश्वासन दिया कि मारपीट के आरोपों के सामने आने के बाद मामले की विभागीय जांच बैठा दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

