ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री देखने, साझा करने और उसके प्रचार-प्रसार पर नौ मुकदमे दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 19 जुलाई (हि.स.)। ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) देखने, साझा करने और उसके प्रचार-प्रसार से जुड़े मामलों पर पुलिस सख्त रूख अपना रही है। पुलिस इन मामलों में लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) देखने, साझा करने और उसके प्रचार-प्रसार से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बताया कि अभी तक जिले में ऐसे मामलों में कुल नौ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें थाना पैठाणी, कोटद्वार, सतपुली, लैंसडौन और पौड़ी में एक-एक, जबकि महिला थाना श्रीनगर और थलीसैंण में दो-दो मामले दर्ज हैं।

बताया कि सभी मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग करने और किसी भी प्रकार की बाल यौन शोषण सामग्री देखने, साझा करने या प्रसारित करने से बचने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story