पोखड़ा में सेवा संकल्प शिविर, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)।चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और रोजगार के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बरसुण्ड देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना पूरी होने पर करीब 40 छोटे-बड़े गांवों और तोकों की जनता को पेयजल सुविधा मिलेगी। वहीं कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिसका कार्य पूरा हो चुका है। बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक करीब 56 लाख रुपये की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण भी कराया गया है।
महाराज ने बताया कि विधायक निधि से करीब एक करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न ग्राम पंचायतों में कराए गए हैं। विद्यालय भवन निर्माण, सौर ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार और जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं पर 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं।
शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री ने 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मोटर मार्ग के आठ किमी ग्राम से चिनवाड़ी तक के हिस्से का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। महाराज ने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने सेड़ियाखाल स्थित अपने आवास पर मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को वितरित किए। साथ ही एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ सत्यप्रकाश शाह समेत सुयश रावत, सुनील, विकास, धर्मेंद्र, मस्तराम बड़ोला, मधुवाला, नरेश, विनोद बिन्जोला, सुंदर सिंह, जगदीश जखमोला, सुभाष जोशी, महेशानंद जोशी, हयात सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

