रावत गांव के लिए जल्द शुरू हाे स्वीकृत सड़क का निमार्ण कार्य

WhatsApp Channel Join Now
रावत गांव के लिए जल्द शुरू हाे स्वीकृत सड़क का निमार्ण कार्य


नई टिहरी, 10 अगस्त (हि.स.)। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के रावतगांव-कांडा-जेवाला माेटर मार्ग के निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी पर ग्रामीणों ने गहरा राेष जताया है। डीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि कुछ रसूखदार लोगों के दबाव में सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। सोमवार को पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खुशाल सिंह रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन देकर गांव के लिए स्वीकृत सड़क बनाने की मांग की।

बताया कि रावतगांव-कांडा-जेवाला सड़क के निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति है। साथ ही विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। बावजूद प्रांतीय लोनिवि बौराड़ी अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पाया है। जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी हो रही है। वर्तमान में ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए करीब ढाई किमी खड़ी चढ़ाई वाले रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। जिससे आवागमन में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं,बुजुर्गों,बच्चों और बीमार लोगों को होती है। स्वास्थ्य समस्या या प्रसव पीड़ा जैसी स्थिति में मरीज को मुख्य सड़क तक आने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। डीएम ने लोनिवि के ईई को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इस मौके पर कलम सिंह रावत, कौंर सिंह रावत, शंभू भंडारी, उदम सिंह, धनपाल सिंह, प्रमोद सिंह, सुदाम लाल, अरविंद सिंह, शीशपाल सिंह, मदन सिंह, सुरेंद्र सिंह, विशु लाल, दीपक मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story