दून हैचरीज भूमि प्रकरण मे जांच पूरी होने तक निर्माण पर रोक, समिति ने किया मौका मुआयना

WhatsApp Channel Join Now
दून हैचरीज भूमि प्रकरण मे जांच पूरी होने तक निर्माण पर रोक, समिति ने किया मौका मुआयना


पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त (हि.स.)। ग्राम ऐराड़ी स्थित दून हैचरीज लिमिटेड की ओर से खरीदी गई भूमि के मामले में जिला प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज एकत्रित किए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित स्थल पर सभी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि जनसामान्य और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त तथ्यों का संज्ञान लेते हुए 3 अगस्त को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई। समिति में संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी, उप निबंधक पौड़ी और जिला विकास प्राधिकरण के प्रभारी अधिशासी अभियंता को सदस्य बनाया गया है।

समिति ने बुधवार शाम मौके पर पहुंचकर भूमि की वर्तमान स्थिति, निर्माण गतिविधियों और राजस्व अभिलेखों का प्रारंभिक परीक्षण किया। साथ ही भूमि क्रय, भूमि के प्रयोजन, स्वीकृत अनुमतियों और निर्माण कार्य से जुड़े सभी पहलुओं की बिंदुवार जांच शुरू कर दी गई है व संबंधित विभागों से आवश्यक दस्तावेज भी जुटाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होगा। यदि जांच में किसी भी तरह की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story