खड़गे की रैली से पहले कार्यकर्ताओं को रोकने पर भड़की कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित रैली से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोके जाने के आरोपों को लेकर पौड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। कलेक्ट्रेट के समीप कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं को रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा सरकार घबराई हुई है और इसी कारण विपक्ष को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार समाधान के बजाय अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने में जुटी है। नेताओं ने दावा किया कि सरकार की कथित विफलताओं का जवाब जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी।प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप रावत, नगर अध्यक्ष भरत सिंह रावत, जिला अध्यक्ष एनएसयूआई राजेश भंडारी, अनिल कुमार, सरस्वती प्रकाश बहुगुणा, अनूप सिंह, प्रदेश सचिव एससी विभाग प्रमोद मंद्रवाल, जगमोहन रौथाण समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story