पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर कांग्रेस चलाएगी विधानसभा स्तर पर अभियान

WhatsApp Channel Join Now


देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दूसरे चरण में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका के मद्देनजर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विधानसभा स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर एवं देहरादून जनपदों की विभिन्न विधानसभाओं में फार्म-07 के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने संबंधी आपत्तियां सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एसआईआर प्रक्रिया के संचालन के लिए समन्वयक और समन्वयकों की नियुक्ति की है। उनके निर्देशानुसार संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया की गंभीरता से निगरानी करने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम नियम विरुद्ध रूप से मतदाता सूची से हटने से रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में प्रदेश महासचिव (संगठन) राजेन्द्र भण्डारी ने सभी विधानसभा समन्वयकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से एसआईआर संबंधी कार्य प्रारम्भ करें तथा स्थानीय कांग्रेस संगठन, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करें।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story