कांग्रेस घर-घर चलाएगी सदस्यता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस घर-घर चलाएगी सदस्यता अभियान


नैनीताल, 11 जून (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने कहा है कि कांग्रेस आगामी चुनावों को लेकर गंभीर है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा आगामी चुनावों के मद्देनजर घर-घर संपर्क अभियान भी संचालित किया जाएगा। आज नैनीताल क्लब में आयोजित भारतीय युवा कांग्रेस की बैठक में सुरभि द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां युवाओं को नेतृत्व की भूमिका में आने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक नई समितियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा संगठनात्मक चुनावों में नामांकन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दे रहे हैं।

युवा कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों के माध्यम से नए नेतृत्व को आगे लाने का कार्य कर रही है। बैठक में जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story