अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकार्तओं ने गुरुवार को देहरादून में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर और राखी लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हालांकि मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोक दिया, जिसके बाद वे यही धरने पर बैठ गईं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की जनता, विशेषकर मातृशक्ति के लिए बेहद संवेदनशील विषय है। घटना को लंबा समय बीत जाने के बावजूद इस मामले से जुड़े कई सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि मामले की सीबीआई जांच कहां तक पहुंची है और जांच में अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि एक बेटी को न्याय दिलाना केवल उसके परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज और सरकार का दायित्व है। उन्होंने मांग की कि सरकार सीबीआई जांच की प्रगति और जांच से संबंधित तथ्य जनता के समक्ष पारदर्शी तरीके से रखे तथा वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण न दिया जाए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी और महिला कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

