कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 16 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर भ्रमण व जागरूकता कार्यक्रम शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेत्री अरूणा कुमार भी विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए गांव-गांव जाकर भ्रमण कर रही है। अरूणा कुमार ने कुंडी न्याय पंचायत के चपरोली गुणेत गांव के बूथ अध्यक्ष सरदार सिंह व ग्रामीणों से मुलाकात की।

इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले 18 साल से बनी सड़क का आज तक डामरीकरण नहीं हो पाया है। जिससे ग्रामीण हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर है। दलमोटा वामन गांव का भ्रमण करते हुए उन्होंने बीएलए चंदन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने यहां भी बदहाल सड़क के सुधारीकरण की मांग उठाई। कांग्रेस नेत्री ने सभी ग्रामीणों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की।

सिलेथ गांव के भ्रमण के दौरान ग्रामीण प्रमोद कुमार, रूपेंद्र सिंह, पम्मी देवी, शांति देवी, लक्ष्मी देवी, लीला देवी, रजनी देवी आदि ने गांव के क्षतिग्रस्त रास्तों की शिकायत की। बताया कि जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर है। चिन्डालू नौडियाल गांव का भ्रमण करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क से गांव तक जाने वाले रास्ते क्षतिग्रस्त हो रखे हैं। इस दौरान अरूणा कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है। जंगली जानवरों के आतंक, क्षतिग्रस्त सड़कों से ग्रामीणों को समस्याएं हो रही है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत से जीताने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story