देहरादून में आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने पुलिस व्यवस्था पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून में आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने पुलिस व्यवस्था पर साधा निशाना


- कांग्रेस नेताओं ने मुख्य सचिव को सौंपा मांग पत्र

देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस नेताओं ने देहरादून में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं के कारण देहरादून की जनता डर के माहौल में जीने को मजबूर है। इन आपराधिक घटनाओं का सबसे अधिक असर उन वरिष्ठ नागरिकों पर पड़ रहा है, जो अकेले रहते हैं।

धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन से उनके सचिवालय स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को एक मांग पत्र सौंपा। धस्माना ने मांग की कि प्रदेश में किसी भी जघन्य आपराधिक घटना के लिए संबंधित चौकी, थाना, सर्किल और जिला स्तर के पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

मुख्य सचिव को सौंपे पत्र में धस्माना ने आरोप लगाया कि इस साल की शुरुआत से ही राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे राजधानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का बुरा हाल है। पुलिसिंग कमजोर है और देहरादून के लोग परेशान हैं। उन्होंने मुख्य सचिव से मांग की है कि प्रदेश के गृह विभाग व पुलिस महकमे को यह निर्देश दिए जाएं कि किसी भी जघन्य आपराधिक घटना के लिए संबंधित चौकी, थाना, सर्कल व जिला स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही हर थाना क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ लोगों की सुरक्षा का पुलिस विशेष ख्याल रखे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story