भाजपा के वैचारिक संकीर्णता के बयान पर कांग्रेस का पलटवार

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 22 अगस्त (हि.स.)। भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा अध्यक्ष के बयान को वैचारिक संकीर्णता और राजनीतिक दिवालियेपन का प्रतीक बताया।

प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देश के लिए त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण का रहा है। राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का गौरवशाली इतिहास कांग्रेस के अधिवेशनों से जुड़ा है, और भाजपा जैसी सांप्रदायिक राजनीति करने वाली पार्टी से कांग्रेस को देशभक्ति का प्रमाण पत्र लेने की कतई आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान भटकाने की साजिश भाजपा की पुरानी आदत है उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड, केदारनाथ गर्भगृह सोना घोटाला, चरम पर पहुंची बेरोजगारी, और ध्वस्त कानून व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अध्यक्ष ऐसे विभाजनकारी बयान दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस जनविरोधी और ध्यान भटकाने वाले एजेंडे को राज्य की जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब करेगी।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने महेंद्र भट्ट को चुनौती देते हुए कहा कि वे इधर-उधर के अनर्गल बयान देने के बजाय उत्तराखंड के युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और राज्य के ठप पड़े विकास पर बात करें। कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस विभाजनकारी और नफरत भरे एजेंडे को देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर कभी सफल नहीं होने देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story