लोकायुक्त नियुक्ति में देरी को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह ने लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस का ढोंग करने वाली भाजपा सरकार की नीयत भ्रष्टाचार को लेकर कभी साफ नहीं रही है।

शाह ने कहा कि भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार बनने के 100 दिन के भीतर लोकायुक्त नियुक्त करने का वादा किया था, लेकिन नौ साल बाद भी लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर नियुक्ति प्रक्रिया में देरी कर रही है।

प्रदेश महामंत्री ने सवाल उठाया कि जब लोकायुक्त का पद खाली है, तो संस्था के दफ्तर और ढांचे पर हर साल 2 से 3 करोड़ का सरकारी बजट क्यों फूंका जा रहा है?

शाह ने आरोप लगाया कि सरकार ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के दबाव और फटकार के बाद पांच सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कहा कि यदि अदालत का दबाव नहीं होता तो सरकार लोकायुक्त नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाती।

राजेंद्र शाह ने मांग की है कि अब जब उच्च न्यायालय के आदेश पर सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सर्च कमेटी बन चुकी है, तो सरकार इसमें और देरी न करे। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि तय समय-सीमा के भीतर एक सशक्त और स्वतंत्र लोकायुक्त की नियुक्ति की जाए, ताकि राज्य में व्याप्त संस्थागत भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को सजा मिल सके बल्कि आज भी वह कोर्ट से समय मांग रहे हैं,उन्होंने साफ किया कि यदि सरकार ने फिर से कोई बहानेबाजी की, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story