अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, सरकार का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, सरकार का पुतला फूंका


पौड़ी गढ़वाल, 18 सितंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को कई वर्ष बीतने के बावजूद पीड़ित परिवार की न्याय की लड़ाई जारी है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार हत्याकांड के आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है और मामले में पीड़ित परिवार को अपेक्षित न्याय नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाएं चिंता का विषय हैं और सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था के स्तर पर सरकार महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने में विफल रही है। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने, हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी।

इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद नेगी, भरत सिंह, अनिल कुमार, मोहित सिंह, आस्कर रावत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story