कांग्रेसियो ने फूंका सीईओ ज्ञानेश कुमार का पुतला
उत्तरकाशी, 28 सितंबर (हि.स.)। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चार दिनों से देश भर में चल रहे कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी कर निर्वाचन आयोग भंग करनें व तीनों चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से बर्खास्त करनें की मांग की।
पुरोला में सोमवार को ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में पार्टी के झंडे लेकर जुलूस निकाला और भाजपा तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेसियों ने तहसीलदार कोमल सिंह राठोर के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूचियों, चुनावी प्रक्रिया में धांधली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आयोग को भंग करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रही है। पुरोला में भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। कांग्रेसियों ने मुख्य बाजार के तिराहे पर भाजपा एवं ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की।
जुलूस प्रदर्शन व पुतला दहन में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह,ब्लाक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी, हरिमोहन सिंह नेगी, हरिमोहन जुवांठा, दरमियान सिंह पंवार, प्रशांत नेगी,जगवीर रावत,जयेंद्र रावत, कविंद्र असवाल, निर्मला देवी वचैंनी देवी,संग्रादी देवी, अतोला देवी, पवित्रा देवी व
सपना, कुश्मिला, पिंकी देवी, वंदना देवी, राजमणी व शकुंतला देवी आदि कांग्रेसी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

