खरगे के दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं ने घेरा एस. एस पी ऑफिस

WhatsApp Channel Join Now
खरगे के दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं ने घेरा एस. एस पी ऑफिस


हल्द्वानी , 08 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर सभा में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं की बसों और वाहनों को जगह-जगह रोकने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया।

विरोध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश समेत पार्टी के कई नेता एसएसपी कार्यालय पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस की ओर से सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। सभा से पहले कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लेकर आ रही बसों को पुलिस द्वारा रोके जाने की शिकायत सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

एसएसपी कार्यालय में धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पुलिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाली बसों को अलग-अलग स्थानों पर बेवजह रोका जा रहा है। आर्य ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और कांग्रेस के कार्यक्रम को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे लोगों को रोकना उचित नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से बसों और वाहनों को रोकने की कार्रवाई तत्काल बंद करने की मांग की।हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने एसएसपी मंजुनाथ टीसी पर सीधे निशाना साधा। फेसबुक लाइव के जरिए विधायक ने आरोप लगाया कि खरगे की जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों को जबरन रोका जा रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंजुनाथ टीसी नैनीताल जिले के एसएसपी हैं, लेकिन उनका किरदार भाजपा जिलाध्यक्ष जैसा नजर आ रहा है।सुमित हृदयेश ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस की यही कार्यशैली जारी रही तो कांग्रेस इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।

खरगे की सभा से पहले कांग्रेस नेताओं के एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठने से हल्द्वानी में राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई है। अब शनिवार को होने वाली जनसभा पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story