नैनीताल में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सीमित होने से बढ़ी चिंता, पंप संचालकों ने कमी से किया इनकार

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सीमित होने से बढ़ी चिंता, पंप संचालकों ने कमी से किया इनकार


नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र के बीच पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल में पेट्रोल-डीजल की सीमित आपूर्ति को लेकर स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों में चिंता नजर आ रही है। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि नगर के पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये तथा चारपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये तक का पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। वहीं पंप संचालक ने ईंधन संकट से इनकार करते हुए कह रहे हैं कि नियमित आपूर्ति जारी है और तकनीकी कारणों से अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है।

उल्लेखनीय है कि जनपद एवं मंडल का मुख्यालय तथा प्रसिद्ध पर्यटन नगरी होने के बावजूद नैनीताल नगर में केवल दो ही पेट्रोल पंप और केवल एक डीजल पंप मौजूद है। सूखाताल के पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल दोनों परंतु तल्लीताल के पंप पर केवल पेट्रोल मिलता है। इस कारण यहां सामान्यतया भी और विशेषकर पर्यटकों की आमद बढ़ने पर डीजल व पेट्रोल की समस्या बनी रहती है।

स्थान की कमी के कारण तल्लीताल के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का टेंकर आने के बाद भी इसे खाली करने एवं अन्य व्यवधानों के कारण वाहन चालकों को पेट्रोल भराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस वर्ष डीजल व पेट्रोल की वैश्विक समस्या के बीच हर व्यक्ति अपने वाहन की ईंधन टंकी को पूरा भरे रखना चाहता है। ऐसे में यहां सीजन शुरू होने के बाद से यानी लगभग 1 मई से दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये तथा चारपहिया वाहनों को अधिकतम 500 रुपये तक का पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है।

इस समस्या पर सूखाताल पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के अनुसार यहां हाल में निर्माण कार्य के बाद एक टैंक में तकनीकी खराबी आने के कारण सीमित वितरण व्यवस्था लागू करनी पड़ी है। सूखाताल पेट्रोल पंप के प्रबंधक पंकज रौतेला के अनुसार प्रतिदिन लगभग 6 हजार लीटर पेट्रोल और 6 हजार लीटर डीजल यानी प्रतिदिन लगभग 12 हजार लीटर ईंधन वितरित किया जा रहा है, जबकि सामान्य पर्यटन सीजन में लगभग 14 हजार लीटर तक आपूर्ति रहती है।

पंप प्रबंधन ने बताया कि तथा नैनीताल में किसी प्रकार की ईंधन कमी नहीं है। वहीं तल्लीताल पेट्रोल पंप संचालक दीपक ने बताया कि दोपहिया वाहनों को 200 रुपये तथा चारपहिया वाहनों को 500 रुपये तक ईंधन देने की सीमा तय की गई है, जबकि एंबुलेंस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को पूर्ण आपूर्ति दी जा रही है। वैसे ईंधन की आपूर्ति की कोई विशेष समस्या नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story